बांदा। जिले के 44,718 परीक्षार्थियों के लिए यूपी बोर्ड की इंटर और हाईस्कूल परीक्षा को 61 परीक्षा केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को सीटिंग प्लान भी पूरा कर लिया गया। इस वर्ष की परीक्षा की यह विशेषता होगी कि हरेक कक्ष और परीक्षार्थी पर जिला मुख्यालय सहित बोर्ड और निदेशालय के अधिकारी भी नजर रखेंगे। सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर ऑनलाइन कनेक्ट किया गया है।
परीक्षा की शुरुआत हिंदी प्रश्न पत्र से होगी। हाईस्कूल की परीक्षा 12 दिन में 3 मार्च को और इंटर की 15 दिन में 6 मार्च को खत्म होगी। रोजाना दो पालियाें में परीक्षाएं होंगी। पहली पाली सुबह 8 से 11.15 बजे तक और दूसरी दोपहर 2 से शाम 5.15 बजे तक चलेगी। परीक्षा के एक दिन पूर्व सोमवार को सभी केंद्रों में सीटिंग प्लान को अंतिम रूप दिया गया।
काफी तादाद में छात्र-छात्राओं ने चस्पा की गई सीटिंग प्लान और अपने लिए निर्धारित कक्ष देखा। उधर, केंद्रों के कार्यालयों में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटियां लगाने का काम देर शाम तक चला। 2468 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। इनमें शासकीय, सहायता प्राप्त व वित्तविहीन स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। डीआईओएस और बीएसए सहित पांच शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में सचल दल गठित किए गए हैं। ऑनलाइन निगरानी के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इससे सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
सुबह 7 से रात 8.30 बजे तक कंट्रोल रूम
बांदा। बोर्ड परीक्षा के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला गया है। इसका फोन नंबर-05192-221372 है। यह प्रात: 7 बजे से रात 8:30 बजे तक चालू रहेगा। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है। दोनों पालियों में 3-3 कर्मचारी लगाए गए हैं।
14 परीक्षार्थियों को राइटर सुविधा
बांदा। बोर्ड परीक्षा में 16 परीक्षार्थियों को राइटर (सहायक) की स्वीकृति मिली है। इनमें 14 नेत्रहीन और दो दिव्यांग हैं। परीक्षा प्रभारी ने बताया कि हाईस्कूल के 8 और इंटर के 6 छात्र-छात्राओं को यह सुविधा दी गई। राइटर की शैक्षिक योग्यता परीक्षार्थी से एक कक्षा कम है। उन्हें अलग कमरे में बैठाया जाएगा, ताकि कोई अन्य उत्तर न सुन सके। इन परीक्षार्थियों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
जेल भी परीक्षा केंद्र, दो बंदी परीक्षार्थी
बांदा। यूपी बोर्ड ने चित्रकूटधाम मंडल की जेलों में निरुद्ध परीक्षार्थियों के बांदा जेल को परीक्षा केंद्र बनाया है। यहां पर हमीरपुर जेल के दो विचाराधीन बंदी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल का परीक्षार्थी धीरेंद्र कुमार पुत्र दीपचंद्र राजपूत हत्या के मामले में और इंटर का परीक्षार्थी जमाल पुत्र नफीस दुष्कर्म का आरोपी है। जेल प्रशासन ने शासन से जेल में ही केंद्र बनाने का अनुरोध किया था।
परीक्षार्थियों को सलाह
बांदा। बोर्ड परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में सिर्फ प्रवेश पत्र, पेन लेकर ही आएं। उत्तर पुस्तिका में लाल पेन का प्रयोग हरगिज न करें। कलकुलेटर, मोबाइल, इलेक्ट्रानिक घड़ी, ई-डायरी या अन्य कोई कागज, गुटखा इत्यादि न लाएं। अधिक रुपये पास में न रखें। रोल नंबर देखकर ही अपनी सीट पर बैठें। उत्तर पुस्तिका में वांछित कालम भली-भांति पढ़कर भरें। पूरे समय यह याद रखें कि वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हैं। उन पर मुख्यालय सहित लखनऊ तक नजर रखी जा रही है।
नकल हुई तो केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार
बांदा। बोर्ड परीक्षा में पहली बार जनपद स्तर पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। यह विभिन्न विभागों के अधिकारी हैं। बांदा में परीक्षा नियामक प्राधिकरण के रजिस्ट्रार राजशेखर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। सोमवार को उन्होंने यहां कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बताया कि केंद्र व्यवस्थापकों को चेतावनी दी गई है कि नकल हुई तो वह सीधे जिम्मेदार होंगे और उन पर कार्रवाई होगी।
परीक्षार्थियों के लिए आज से विशेष बसें
बांदा। राज्य सड़क परिवहन निगम ने बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए ‘परीक्षा स्पेशल बस सेवा’ शुरू की है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परमानंद ने बताया कि शिक्षा विभाग की मांग पर परीक्षा केंद्र चंदवारा, बीरा, बघेलाबारी, गर्गपुर, डिघवट, ब्योंजा, चिल्ला, भभुआ आदि गांव के लिए 13 अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। इनके अलावा अन्य महोबा, अतर्रा, नरैनी, तिंदवारी मार्ग पर भी बसें चलेंगी। बांदा मुख्यालय से इन बसों का संचालन रोजाना तड़के 4 बजे, 5 बजे व 6 बजे रवाना होंगी।