बांदा। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का पहला चरण शुरू हो गया है। निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार मतदाता सूची की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी दिए हैं कि हर बीएलओ मतदाता के घर जाकर साक्ष्य के साथ सत्यापन करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बताया कि आयोग के नए प्रावधानों के अनुसार अब एक पोलिंग बूथ केवल 1200 मतदाताओं पर ही बनेगा। अभी तक एक बूथ पर 1500 मतदाता निर्धारित थे। इस बदलाव से मतदाताओं को सुविधा होगी और मतदान के दौरान लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
बांदा। निर्वाचन आयोग के अनुसार 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक बीएलओ की ट्रेनिंग, एसआईआर से संबंधित दस्तावेजों की तैयारी और प्रिंटिंग का कार्य होगा। चार नवंबर से चार दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर निर्वाचक गणना प्रपत्र (न्यूमेरेशन फार्म) वितरित करेंगे और मतदाताओं से जानकारी प्राप्त करेंगे। नौ दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा। आठ जनवरी तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन या नाम हटाने के लिए दावा-आपत्ति दर्ज की जाएगी। नौ दिसंबर से 31 जनवरी तक बीएलओ सभी आपत्तियों का निस्तारण कर नोटिस जारी करेंगे। सात फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी जे.रीभा ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ के आने पर आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराएं और मतदान के अधिकार को सशक्त बनाने में सहयोग करें। यह विशेष पुनरीक्षण न केवल मतदाता सूची को अद्यतन करेगा बल्कि आगामी चुनावों में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
जनपद के कुछ महत्वपूर्ण तथ्य
* आबादी - 1799410
* मतदाता - 1349531
* महिला मतदाता - 618004
* थर्ड जेंडर मतदाता - 44
* 18 से 19 वर्ष आयु के मतदाता - 17802
* पोलिंग बूथ - 1395
* बीएलओ - 1395