बांदा। उप मुख्य चिकित्साधिकारी के बेटे को ही स्वाइन फ्लू का खतरा पैदा हो गया है। इससे बड़ी हैरत की बात यह है कि उसके ब्लड नमूने को लखनऊ पीजीआई के डॉक्टरों ने यह कहकर वापस कर दिया कि ब्लड सैंपल ठीक से नहीं लिया गया।
यहां तैनात उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एके सिंह का किशोर उम्र पुत्र को कई दिनों से बुखार, जुकाम, खांसी की गिरफ्त में था। 4 मार्च को उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां के डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका के मद्देनजर उसका ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ पीजीआई भेजा।
मामला डिप्टी सीएमओ का था इसलिए ब्लड सैंपल अस्पताल का वार्ड ब्याव खुद लेकर लखनऊ गया। सूत्रों के मुताबिक, वहां पीजीआई के डॉक्टरों ने ब्लड सैंपल को यह कहकर बैरंग लौटा दिया कि यह उचित ढंग से नहीं लिया गया।
पीजीआई के डॉक्टरों ने वार्ड ब्वाय से यह भी कह डाला कि वहां के डॉक्टरों को ब्लड सैंपल लेना नहीं आता। उधर, इस बाबत यहां जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.शेखर का कहना था कि लखनऊ तक ले जाने में ब्लड सैंपल हिलने-डुलने पर गड़बड़ हो गया।