बांदा। ब्लाक प्रमुख के चुनाव की तिथियां घोषित होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले के आठ ब्लाकों में प्रमुख चुने जाएंगे। ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन 8 जुलाई को और मतदान 10 जुलाई को होगा। जिले के तीन ब्लाकों में महिलाएं प्रमुख पद का जिम्मा संभालेंगी।
उधर, चुनाव का एलान होते ही भाजपा ने जिला पंचायत के बाद ब्लाकों में प्रमुख के पद पर कब्जा जमाने के लिए गोटे बिछानी शुरू कर दी हैं। सपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं भाजपा का दावा है कि जनपद के आठों ब्लाकों में निर्वाचित 750 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में सर्वाधिक उनके समर्थित प्रत्याशी है।
वहीं सपा भी दावा कर रही है 300 सदस्य सपा से ताल्लुक रखते है। सर्वाधिक क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लाक नरैनी 129, महुआ 105 और बबेरू में 100 है। जहां पर ब्लाक प्रमुख का पद हथियाने के लिए खासी खींचतान चल रही है।
यहां भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर होने के आसार हैं। दोनों पार्टियां जीत के लिए समीकरण बनाने में लगी हैं। मंगलवार को सुबह से ही पार्टी कार्यालयों में पदाधिकारियों और नवनिर्वाचित सदस्यों के बीच मंथन हुआ।
उधर, जिले के आठ में से तीन ब्लाक प्रमुख पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। नए परिसीमन में कुछ सीटों पर आरक्षण बदल गया है। बबेरू और तिंदवारी ब्लाक प्रमुख सीट महिला तथा जसपुरा एससी महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
जनपद में ब्लाकवार क्षेत्र पंचायत सदस्य
नरैनी ब्लाक में 83 ग्राम पंचायतों में 129 सदस्य, बड़ोखर में 58 ग्राम पंचायतें और 97 सदस्य, तिंदवारी में 56 ग्राम पंचायतें और 88 सदस्य, महुआ में 75 ग्राम पंचायतें और 105 सदस्य, जसपुरा में 32 ग्राम पंचायतें और 53 सदस्य, कमासिन में 55 ग्राम पंचायतें और 86 सदस्य, बबेरू में 61 ग्राम पंचायतें और 100 सदस्य, बिसंडा में 49 ग्राम पंचायतें और 92 सदस्य।
सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त
डीएम आनंद कुमार सिंह ने ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। ब्लाक नरैनी में जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार, बडोखर खुर्द में अधिशासी अभियंता केन नहर अरविंद कुमार पांडेय, तिंदवारी में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राजीव धीर, महुआ में परियोजना प्रबंधक यूपी कारपोरेशन लिमिटेड मनोज कुमार शर्मा, जसपुरा में डिप्टी कलक्टर सुरजीत सिंह, कमासिन में सहायक अभियंता लघु सिंचाई प्रमोद मिश्रा, बबेरू में डिप्टी कलक्टर अवधेश निगम, बिसंडा में अधिशासी अभियंता गौरवा चौधरी को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया है।
ब्लाक प्रमुख चुनाव कार्यक्रम घोषित
जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने ब्लाक प्रमुख का चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। बताया कि नामांकन पत्र 8 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होंगे। उसी दिन नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी।
9 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जाएगी। 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। नामांकन से लेकर मतदान, मतगणना सभी कार्यक्रम विकास खंड कार्यालयों में होंगे।
ब्लाक प्रमुख पदों का आरक्षण
बड़ोखर ब्लाक-अनारक्षित, बिसंडा-अनारक्षित, बबेरू-महिला, कमासिन-ओबीसी, नरैनी-ओबीसी, तिंदवारी-महिला, महुआ-एससी, जसपुरा-एससी महिला।