बांदा। भाजपा नेता के भतीजे का शुक्रवार की रात सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में शव मिलने से हड़कंप मच गया। वह अकेले ही बाइक से घर लौट रहा था। पिता ने सड़क हादसे में मौत होने की पुलिस को सूचना दी। अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। हेलमेट न लगाने से बाइक चालक के सिर पर चेहरे पर गंभीर चोटें थीं।
बिसंडा थाना क्षेत्र के लोधन पुरवा गांव निवासी भाजपा नेता लखनलाल राजपूत का भतीजा बनवारीलाल राजपूत (33) शुक्रवार की रात जौरही स्थित बहन के यहां से बाइक से अकेले ही घर लौट रहा था। बहोरवा पुरवा-बिलगांव के बीच सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में उसका शव मिला। बाइक पर वहीं नजदीक पर पड़ी हुई थी। ग्रामीणों ने शव और बाइक देखकर पुलिस को सूचना दी। ड्राइविंग लाइसेंस और आधार से मृतक की शिनाख्त हुई और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के चाचा भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष व जिला कार्यसमिति सदस्य लखनलाल राजपूत ने घटना को लेकर संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि उसकी आंखों से खून बह रहा था। हालांकि, उन्होंने किसी रंजिश से इनकार किया है। बताया कि बनवारीलाल ट्रक ड्राइवर था। वह अपने पीछे पत्नी सुमन और दो पुत्र व एक पुत्री छोड़ गया है। उधर, बिसंडा थाना इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बनवारीलाल की मौत सड़क दुर्घटना में हुई। उसके पिता हरी प्रसाद ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी। इस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।