बबेरू। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उप चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन मंगलवार को भाजपा उम्मीदवार ने तामझाम के साथ तो कांग्रेस ने सादगी के साथ नामांकन कराया। जदयू, आसपा समेत 13 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार डॉ. विवेकानंद गुप्ता ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, पूर्व विधायक चंद्रपाल कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष संजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कमासिन उमा सिंह, जिला पंचायत सदस्य मंजू, जगराम सिंह, विश्वेश्वर पांडेय, अजय सिंह पटेल, विजयपाल सिंह, विक्रम सिंह ,पुष्पेंद्र सिंह, विनय तिवारी आदि मौजूद रहे।
इधर, कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार रामनरेश मिश्रा ने सादगी के साथ नामांकन कराया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदुम्न कुमार दुबे, अखिलेश सिंह, साकेत बिहारी मिश्र, गजेन्द्र सिंह पटेल, आदित्य स्वरूप पांडेय, समेत अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे। आजाद समाज पार्टी से फूलचंद्र सोनी, जनता दल यूनाइटेड से शिवप्रकाश सिंह समेत निर्दलीय प्रत्याशी रामफल त्यागी, संतोष कुशवाहा, अवधेश कुमार, दुर्गेश सिंह, शिवप्रसाद, रवींद्र कुमार, अरुणेश कुमार गुप्ता, दीपिका, संतोष कुमार वर्मा सहित 13 उम्मीदवारों ने गर्मजोशी के साथ नामांकन दाखिल किया। जबकि सोमवार को सपा सहित दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन कराया था।
इस तरह से 16 उम्ममीदवारों ने नामांकन कराया। आरओ राजेश कुमार, एआरओ सुधीर, ललित कुमार ने बताया कि कुल 48 उम्मीदवारों ने पर्चे खरीदे थे। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी और शुक्रवार 6 दिसंबर को नाम वापसी होगी। उसी दिन चुनाव निशान दिए जाएंगे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 17 दिसंबर मतदान और 19 दिसंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।
अतर्रा में सात प्रत्याशियों ने दाखिल किए पर्चे
अतर्रा। नगर पालिका परिषद के सुदामापुरी वार्ड नंबर चार की रिक्त सभासद सीट के उप चुनाव के लिए मंगलवार को अंतिम दिन सात उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सपा की प्रत्याशी कांति देवी ने सोमवार को एक सेट नामांकन पत्र दाखिल किया था और मंगलवार को दोबारा एक और सेट दाखिल किया। कांग्रेस के संजय कुमार, भाजपा के अमित और निर्दलीय प्रत्याशियों में सुमन देवी, रामसिया, राम मनोहर, व चौबे प्रसाद ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।