बांदा। दो बाइकों की भिड़ंत में बीएड छात्र की मौत हो गई। बाइक चला रहा स्वास्थ्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी बाइक चालक को चोटें नहीं आईं। मृतक छात्र मेधावी बताया गया और उरई स्थित सरकारी बीएड कालेज में पढ़ता था। घटनास्थल पर पुलिस को हेलमेट नहीं मिला।
शहर के कालूकुआं निवासी अजय सिंह चंदेल (24) पुत्र शिवबहादुर सिंह अपने पड़ोसी मित्र अभिषेक त्रिपाठी (23) पुत्र सीताशरण त्रिपाठी के साथ सोमवार को सुबह बाइक पर महोबा से बांदा आ रहा था। मटौंध थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन तिगैला के पास सड़क पार कर रहे दूसरे बाइक सवार से उनकी बाइक टकराकर खंती में जा गिरी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी बाइक के सवार घटना के बाद भाग निकले। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। शव को मर्च्युरी में रखवा दिया गया। मृतक के मामा भूपेंद्र सिंह सहित अन्य परिजनों ने बताया कि अभिषेक महोबा जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट पद पर कार्यरत है।
अजय उसी से मिलने से रविवार को महोबा गया था और सोमवार को वापस घर आ रहा था। वह उरई स्थित महाविद्यालय में बीएड छात्र था। पिता पेशे से किसान हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक अजय पढ़ाई में होशियार था। हाईस्कूल और इंटर में क्रमश: 85 व 88 फीसदी अंक हासिल किए थे।