बांदा। ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक सड़क में ब्रेकर आने से उछलकर सिर के बल गिर पड़ा। हेलमेट न लगाए होने से उसके सिर में गंभीर चोट आईँ। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के कमासिन रोड निवासी विजय पाल ने बताया कि उसका छोटा भाई कुशल पाल (32) बुधवार की रात करीब आठ बजे अपनी ससुराल पैलानी थाना क्षेत्र के रेहुंची गांव जा रहा था। तिंदवारी थाना क्षेत्र के भिडौरा रोड पर अचानक रास्ते में ब्रेकर आने से अधिक रफ्तार होने की वजह से बाइक उछल गई। इससे वह सिर के बल सड़क में गिरकर गंभीर घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को दोपहर उसकी मौत हो गई। वह तीन भाइयों में छोटा था। दो पुत्र और घर में पत्नी मुन्नी हैं। मजदूरी करता था। बबेरू कोतवाली इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी ने बताया कि ब्रेकर में उछलकर गिरने से हादसा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।