तिंदवारी/बेंदाघाट। बांदा से फतेहपुर की ओर जा रहे ट्रेलर ने बाइक सवार किसान को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान बाइक में फंसकर करीब 300 मीटर तक घिसटता हुआ चला गया। उसके शरीर के अंग सड़क पर बिखर गए। हादसे को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने ब्रेकर बनवाए जाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया है। जाम तकरीबन एक घंटा तक चला।
तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर सुरेश सैनी ने बताया कि माटा गांव निवासी राजकुमार यादव (55) शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे खेत से बाइक से लौट रहे थे। माटा गांव के पास बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर शिवदर्शन महाविद्यालय के पास बांदा की ओर से जा रहे ट्रेलर ने बाइक सवार किसान को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में किसान ट्रेलर में फंसकर तकरीबन 300 मीटर तक घिसट गए। इससे उनकी मौत हो गई।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क पर ब्रेकर बनवाया जाए। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान के अवशेष समेट कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर का कहना है कि जाम की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। तकरीबन एक घंटे से जाम लगाए हैं। उनके द्वारा आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और ब्रेकर बनवाए जाने का आश्वासन दिया गया है। यातायात बहाल करा दिया है। ट्रेलर काे पुलिस ने कब्जे में लिया है। किसान के दो पुत्र हैं। परिजनों का हाल-बेहाल है।