तिंदवारी। थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव निवासी सत्य प्रकाश (32) पत्नी को बांदा स्थित मायके छोड़कर घर जा रहे थे। तिंदवारी के सैमरी गांव के पास बुधवार को सुबह नौ बजे पीछे से पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।
पिता दिलीप कुमार ने बताया कि सत्यप्रकाश तिंदुही गांव के पास पेट्रोल पंप पर काम करता था। बांदा स्थित बिजलीखेड़ा मोहल्ले उसकी पत्नी प्रीति का मायका है। दो दिन पहले पत्नी और दो बच्चों के साथ बिजलीखेड़ा गया था। यहां उसने बड़े पुत्र प्रांजल (6) का एक विद्यालय में प्रवेश कराया था। बुधवार की सुबह गांव वापस जा रहा था। रास्ते में तिंदवारी के सैमरी गांव के पास हादसा हो गया।
पुलिस और राहगीरों ने तिंदवारी पीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में बुधवार की सुबह 11 बजे मृत घोषित कर दिया।
हादसे को अंजाम देने के बाद चालक पिकअप लेकर भाग निकला। बताया कि दो भाइयों में बड़ा था। तिंदवारी थाने के इंस्पेक्टर सुरेश सैनी ने बताया कि पिकअप फतेहपुर की बताई जा रही है। गाड़ी नंबर से मालिक का पता लगाया जा रहा है। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हेलमेट लगाए होने की पुष्टि नहीं हो सकी है।