ससुराल से लौट रहे बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। उधर, चाचा के साथ पेपर देने जा रही स्नातक छात्रा स्पीडब्रेकर में बाइक से उछलने पर गिरकर घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पन्ना (मध्य प्रदेश) जनपद के धरमपुर निवासी बाबूलाल साहू (35) पुत्र गिल्लू सोमवार को महुटा (अतर्रा) गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। बाइक पर वापस घर जाते समय धरमपुर थाना के अरजरियन पुरवा के पास पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने डायल-100 और एंबुलेंस को सूचना दी।
आनन-फानन में उसे नरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई मुन्नालाल ने बताया कि मृतक हैदराबाद में मजदूरी करता था। होली में घर आया था। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित एक पुत्र व एक पुत्री छोड़ गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव घरवालों को सौंपा।
उधर, एक अन्य घटना में कर्वी निवासी लक्ष्मी (20) पत्नी कैलाश शहर कोतवाली के मवई बुजुर्ग गांव स्थित मायके से चाचा यशपाल यादव के साथ बाइक पर परीक्षा देने एकलव्य महाविद्यालय जा रही थी। महाराणा प्रताप चौक के पास ब्रेकर में अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गई। लक्ष्मी ने बताया कि वह बीए द्वितीय में है। मंगलवार को गृह विज्ञान के द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा देने जा रही थी।