अतर्रा। एक ही बाइक पर कर्वी जाते समय पुनाहुर गांव के पास सामने से आ रहे बालू भरे ट्रक से बाइक टकरा जाने पर बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई। पीछे बैठा साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया है। परिजनों ने शव रखकर घटनास्थल पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बबेरू थाना के अनवान गांव के इंद्रजीत पटेल (19) पुत्र शिवविलास पटेल अपने दोस्त मोनू साहू (22) पुत्र बैजनाथ साहू (बबेरू) के साथ शुक्रवार को सुबह बाइक से किसी काम से कर्वी जा रहे थे। खंजा बाबा पुनाहुर गांव के पास सामने से आ रहे बालू भरे ट्रक में बाइक जा टकराई। बाइक चला रहे इंद्रजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे बैठा मोनू सड़क के किनारे खंती में जा गिरा। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने इंद्रजीत की मौत की पुष्टि कर दी। मोनू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, आक्रोशित परिजनों ने घटनास्थल खंजा बाबा के नजदीक अतर्रा-बिसंडा मार्ग में आधा घंटा शव रखकर जाम लगा दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बिसंडा थाना इंसपेक्टर अखिलेश मिश्रा ने ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का और अविवाहित था। पिता शिवविलास के साथ खेती किसानी में हाथ बंटाता था।
दो बाइक दुर्घटनाओं में तीन घायल
अतर्रा। अलग-अलग हुए दो हादसों में बाइक सवार एक युवक चार पहिया वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक से आ रहे दो युवकों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जनपद सतना (एमपी) के मझगवां थाना क्षेत्र के खिरवा गांव निवासी देवराज (27) पुत्र भोला प्रसाद किसी काम से बाइक से अतर्रा आया था।
शुक्रवार की देर शाम काम कर वापस घर जाते समय पचोखर के नजदीक पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। यूपी-112 ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। दूसरे हादसे में गिरवां क्षेत्र के मकरी गांव के दिनेश (21) पुत्र रमेश अपने साथी छोटू (20) पुत्र लल्लू को बाइक से लेकर अतर्रा बाजार करने आ रहे थे।
तभी बांदा रोड कच्ची सड़क के नजदीक बोलेरो ने पीछे से टक्कर मार दी। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। दोनों घटनाओं में बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे।