- तेज रफ्तार में पीछे से ट्रक में घुसी बाइक, अस्पताल में एक ने तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
ओरन। कस्बे से बिसंडा रोड पर बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी के पास सड़क किनारे खड़े धान से लदे ट्रक में तेज रफ्तार बाइक पीछे से जा टकराई। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बिसंडा थाना क्षेत्र कोर्रही निवासी 18 वर्षीय शिवशरण अपने रिश्तेदार बदौसा थाना क्षेत्र के उतरवां निवासी 17 वर्षीय आकाश पुत्र कमलेश वर्मा, 25 वर्षीय उमेश के साथ एक ही बाइक में कोर्रही जा रहे थे। तभी कस्बे के बिसंडा रोड स्थित हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी के पास खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गए। हादसे की जानकारी राहगीरों चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार त्रिपाठी को दी। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा पहुंचाया। जहां पर डाॅक्टरों ने शिवशरण को मृत घोषित कर दिया और अन्य दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तीनों बाइक सवार नशे की हालत में और हेलमेट भी नहीं लगाए थे। घटना की जानकारी परिजनों को फोन पर दी गई है।