बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगहनी गांव के पास बाइक और स्कूटी में आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे बाइक चालक और स्कूटी चालक सड़क पर गिर गए। इस बीच वहां से गुजरे ट्रक ने बाइक चालक को कुचल दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्कूटी चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के क्योटरा बहिंगा गांव निवासी रामऔतार (30) कागज बनाने का काम करता था। उसका वन विभाग में रजिस्ट्रेशन भी था। कागज के काम से मंगलवार की रात तिंदवारी से दरदा गांव जा रहा था। बाइक से बरगहनी गांव के पास सामने से आए स्कूटी चालक पचनेही गांव निवासी राजेंद्र (35) से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे रामऔतार और राजेंद्र सडक़ में गिर पड़े। तभी वहां से गुजरे ट्रक ने रामऔतार को कुचल दिया।
उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राजेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के पिता इच्छाराम ने बताया कि रामऔतार अविवाहित था। दो भाइयों में बड़ा था। वह यहां वन विभाग से लकड़ी कटवाकर कागज बनाने के लिए मेरठ भेजा करता था। उसका एक मकान बांदा के क्योटरा मुक्तिधाम में भी है।