बांदा। बिहार चुनाव नतीजों का उत्तर प्रदेश में कोई
प्रभाव नहीं पड़ेगा और न ही हार से भाजपा बैकफुट पर है। यह बात केंद्रीय
खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्योग राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कही।
महंगाई पर कहा कि इसकी वजह कांग्रेस है। जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा गया, लेकिन भाजपा सरकार गरीब-किसान को लेकर चिंतित है।
भाजपा
कार्यालय में रविवार की शाम मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री साध्वी
निरंजन ने कहा कि मोदी सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ को लक्ष्य बनाकर काम कर
रही है।
पक्षपात से कोई भी काम अब तक नहीं किया गया। कहा कि
नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिनकी बदौलत विश्व में सम्मान
बढ़ा है। प्रजातंत्र भाजपा में ही है, बाकी अन्य दल धर्मनिरपेक्ष का मुखौटा
ओढ़कर धर्म सापेक्ष का काम कर रहे हैं।
कहा कि 60 साल तक कांग्रेस
की सरकार रही। महंगाई कंट्रोल की होती तो देशवासियों को आज इससे जूझना
नहीं पड़ता। बिगड़ी व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए उनकी सरकार प्रयासरत
है, फिर भी डेढ़ वर्ष में ही कई जनहित की योजनाएं लागू की गईं।
साध्वी
ने राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा कि इन दिनों वे ज्यादा बोल रहे हैं।
पहले बोलते तो यूपीए सरकार में घोटालों की लंबी लिस्ट नहीं बनती।
मुजफ्फरनगर
और भागलपुर समेत कई दंगे इनके शासनकाल में हुए। बिहार चुनाव में हार को
उन्होंने प्रजातंत्र की मर्जी बताया। कहा कि उम्मीद के मुताबिक नतीजा नहीं
रहा, फिर भी यहां की हार का यूपी में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
नगर
पालिका अध्यक्ष विनोद जैन, जिलाध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य
मीना भारतीय, डा. मनीष गुप्ता, मुदित शर्मा, अखिलेश दीक्षित, लवलेश सिंह,
उमाशंकर तिवारी आदि मौजूद रहे।