बांदा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बुंदेलखंड के किसानों के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। इसके बनने के बाद बांदा के किसानों के खेतों तक बेतवा का पानी पहुंचेगा। कहा कि मोदी सरकार ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए 35 हजार करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अलावा किसानों को हर साल छह हजार की सम्मान निधि दी जा रही है। गरीबों को पांच लाख का मुफ्त इलाज, गरीबों को पांच किलो हर माह राशन मिल रहा है। हर घर नल योजना से गांव-गांव आरओ का पानी पहुंचाया जा रहा है। जल्द हर व्यक्ति को पीने का शुद्ध पानी मिलेगा। भाजपा सरकार ने महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया है। अब महिलाएं देश की संसद व विधानसभा में आसानी से पहुंचेगी अपनी बात रखेंगी। उज्जवला से गैस सिलिंडर और शौचालय बनवाकर सम्मान दिया। हो सकता है कि अगली सांसद बांदा की महिला हो।
कॉफी पिलवाकर लगवाया था कोरोना का टीका
अमित शाह ने कहा कि देश जब कोरोना की महामारी से जूझ रहा था तो सपा और कांग्रेस राजनीति कर रही थी। कहती थीं टीका से नुकसान होगा। पैसा लगेगा। मोदीजी ने लोगों को कॉफी पिलवाकर कोरोना का टीका निशुल्क लगवाया। टीके का विरोध करने वाले राहुल गांधी और प्रियंका ने खुद रात के अंधेरे में कोरोना का टीका लगवाया।
गिनाए सांसद के काम तो मचा हल्ला
गृहमंत्री ने जनसभा में सांसद आरके पटेल के काम गिनाए तो भीड़ में शोर-शराबा होने लगा। तमाम भाजपा कार्यकर्ता बोले यह काम सांसद ने नहीं विधायक ने कराए है। अमित शाह ने हो-हल्ला करने वालों को शांत कराया।
ये लोग रहे मौजूद
राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद, पूर्व सांसद रमेश द्विवेदी, राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, पूर्व विधायक चंद्रपाल, राजकरन कबीर, राजकुमार शिवहरे, अशोक त्रिपाठी जीतू, एमएलसी जितेंद्र सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, वंदना गुप्ता, उत्तम सक्सेना, उमा सिंह, बाल मुकुंद शुक्ला आदि।