राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने लाजवाब प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। साथ ‘बेटी बचाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में कई छात्राएं सम्मानित भी की गईं।
शुक्रवार को समारोह की शुरूआत डीएम की पत्नी डा.विमलेश ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन से की। छात्रा स्तुति शर्मा, ऋचा शुक्ला व स्तुति सिंह ने सरस्वती वंदना व नृत्य प्रस्तुत किया। प्रिया व नम्रता ने स्वागत गीत गाया। प्रगति सक्सेना ने ‘पनघट पर नंदलाल’ गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया।
सुरभि पाल ने शास्त्रीय नृत्य और ऋचा व सहयोगी छात्राओं ने समूह नृत्य से समां बांधी। सुनीता, सोनिका, अंजली व स्तुति सिंह ने ‘सेव दि गर्ल’ पर नाट्य मंचन किया। आरुषि की टोली ने होली पर समूह नृत्य किया। अंजली यादव ने गजल पेश की।
डा.विमलेश ने ‘बेटियों के महत्व’ पर कविता सुनाई और उन्हें स्वावलंबी बनने को कहा। छात्रा पूनम यादव को क्रीड़ा चैंपियन, ज्योति श्रीवास्तव को परास्नातक, संजना सेन को विज्ञान संकाय, ज्योति गंगेले को कला संकाय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। प्राचार्य प्रभा श्रीवास्तव, डॉ.सबीहा रहमानी, डॉ.लक्ष्मी किशोर, डॉ.प्रेमलता आदि शामिल रहे।