फोटो - 07 गिरवां चौराहा से देवी मंदिर की ओर जाने वाला जर्जर मार्ग। संवाद
खत्री पहाड़। विंध्यवासिनी मंदिर में आगामी 19 मार्च से चैत्र नवरात्र महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर में रंगाई-पुताई का कार्य अंतिम चरण में है। हालांकि, स्थानीय लोग गिरवां चौराहा से मंदिर तक के जर्जर मार्ग को लेकर चिंतित हैं।
इस मार्ग की खराब हालत से नवरात्र में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ेगी। चैत्र नवरात्र में यहां बुंदेलखंड का सबसे विशाल मेला लगता है। दूर-दराज से लाखों भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग बीते काफी समय से जर्जर है। दिन-रात ओवरलोड वाहनों के संचालन से मार्ग खस्ताहाल हो चुका है। प्रशासन से कई बार मरम्मत की मांग की गई, पर इस पर ध्यान नहीं दिया जाता।
स्थानीय निवासी विवेक तिवारी, शिवपूजन अग्निहोत्री, देवीदयाल, महेश और कुलदीप ने मार्ग की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि गिरवां चौराहा से देवी मंदिर तक पूरा मार्ग खुदा है। वहीं गिरवां चौराहा में बड़े-बड़े गड्ढों के कारण निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग को तुरंत दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने ओवरलोड वाहनों के संचालन पर भी रोक लगाने की अपील की है।