बांदा। बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के झलकारी बाई सभागार में संगोष्ठी हुई। इसमें शिक्षाविदों, प्राध्यापकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरत बताते हुए संगठित प्रयास करने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि चित्रकूटधाम मंडल के सहायक आयुक्त पंकज कुमार ने कहा कि बुंदेलखंड ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध है, लेकिन उच्च शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने से विद्यार्थियों को क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा मिल सकेगी। शोध और नवाचार को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्य वक्ता प्रो. एचआर मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना समय की जरूरत है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिलेंगे। जलपुरुष पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने मांग को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प जताया। बूटा अध्यक्ष डॉ. अशोक सिंह परिहार ने कहा कि यह शिक्षक समुदाय और जनमानस की आवाज है। इसके लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं।
समाजसेविका एवं पूर्व प्रोफेसर सबीहा रहमानी ने कहा कि बुंदेलखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत बेहतर शैक्षणिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की है। संगोष्ठी का आयोजन प्राचार्य प्रो. दीपाली गुप्ता और डॉ. अशोक सिंह परिहार के निर्देशन में हुआ। संचालन डॉ. जयंती सिंह ने किया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त पंकज कुमार ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई। इस दौरान पं. जेएन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. वीएन कुशवाहा, प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. माया वर्मा, डॉ. जय कुमार चौरसिया, डॉ. जयप्रकाश सिंह, शशि भूषण मिश्र समेत विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक और महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।