फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: 14 साल बाद बिजली चोरी का आरोपी बरी

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। बिजली चोरी पकड़ने के लिए विद्युत निगम की टीम ने 14 साल पहले आटा चक्की पर छापा मारा था। दावा किया था कि ट्रांसफार्मर से सीधे कनेक्शन जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी। मौके से काले और पीले रंग के तार बरामद करने की बात कही गई, लेकिन अदालत में सिर्फ पीले रंग का तार ही पेश किया जा सका। काला तार पेश नहीं हुआ। कार्रवाई के दौरान कोई स्वतंत्र गवाह भी नहीं बनाया गया। विशेष न्यायाधीश संजय कुमार सिंह-प्रथम की अदालत ने आटा चक्की संचालक अनिरुद्ध प्रसाद को दोषमुक्त कर दिया।
विज्ञापन


अभियोजन के अनुसार, 20 जुलाई 2012 को प्रवर्तन दल और विद्युत विभाग की टीम ने नरैनी थाना क्षेत्र के नहरी गांव निवासी अनिरुद्ध प्रसाद की आटा चक्की पर छापा मारा था। आरोप था कि मीटर और स्टार्टर के बीच चेंजओवर लगाकर काले और पीले तारों के जरिए ट्रांसफार्मर से सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। चक्की में 7.5 एचपी की मोटर लगी थी। मौके पर 1.60 लाख रुपये शमन शुल्क जमा करने की बात कही गई थी। इसके बाद नरैनी थाने में धारा विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि बरामदगी की कार्रवाई में मौके पर मौजूद ग्रामीणों में से किसी को स्वतंत्र गवाह नहीं बनाया गया। कथित तौर पर काले और पीले दोनों रंग के तार बरामद किए गए थे, लेकिन अदालत में सिर्फ पीला तार ही पेश किया गया। काला तार प्रस्तुत नहीं हो सका। चेकिंग रिपोर्ट तैयार करने और वीडियोग्राफी करने वाले अवर अभियंता रवि कुमार को भी गवाही के लिए पेश नहीं किया गया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी अदालत में प्रस्तुत नहीं हुई। इसके अलावा 1.60 लाख रुपये शमन शुल्क निर्धारित करने से संबंधित अभिलेख या मांग पत्र भी पत्रावली में नहीं मिला।
विज्ञापन

इन खामियों के चलते अभियोजन आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर सका। अदालत ने अनिरुद्ध प्रसाद को विद्युत अधिनियम के तहत संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें