बीडीसी सदस्य व प्रमुख पद का चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी महिला के घर रात को घुसकर आधा दर्जन लोगों ने जमकर तांडव किया। बीडीसी और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। हमलावर सपा से जुड़े लोग बताए गए हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
ब्लाक प्रमुख और ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरी तरफ पुलिस ने जमा लगाने के जुर्म में एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों के विरुद्ध 7 क्रिमिनल ला एमेडमेंट एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के मूंगुस गांव के मुन्ना यादव ने बताया कि उसकी पत्नी सुनीता तिंदवारी ब्लाक प्रमुख पद पर चुनाव लड़ रही है। सोमवार की रात ब्लाक प्रमुख विवेक यादव और जसईपुर प्रधान ज्ञान सिंह समेत असलहों से लैस आधा दर्जन लोग उसके घर आ धमके।
गांव के एक सपा नेता ने घर का दरवाजा खुलवाया। हमलावर सुनीता को पकड़ कर घसीटने लगे। मारपीट में उसकी चूड़ियां टूट गईं। बचाने में भतीजे देव कुमार, भाई रंजीत और मां भोलिया को भी मारापीटा। हमलावरों के साथ दो बीडीसी सदस्य बंधक के रूप मेें थे। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर हमलावर धमकी देते हुए चले गए।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को सुबह 10 बजे बांदा-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। वह हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट की मांग कर रहे थे।
एसडीएम सदर अनुज सिंह व क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार ने आकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बमुश्किल लगभग एक बजे जाम खत्म हुआ। पूर्व जिला पंचायत सदस्य दलपत सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का हक है। इसमें बाधा डालना गलत है।
तीन घंटे तक जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। महिला बीडीसी के पति मुन्ना यादव की तहरीर पर ब्लाक प्रमुख विवेक सिंह व ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, तिंदवारी थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने पर 19 लोगों को नामजद करते हुए एक सैकड़ा अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 147, 342, 283 व 7 क्रिमिनल ला एमेडमेंट की रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, मुन्ना यादव का कहना है कि सत्ताधारी चाहे जितना जोर लगाएं उसकी पत्नी हर हालत में ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ेगी।