बांदा। केंद्र और राज्य सरकारों की कई रोजगारपरक योजनाओं में बैंक अड़ंगा अड़ा रहे हैं। इस रवैए से योजनाओं के स्टेटस में बांदा जनपद की स्थिति प्रदेश में सबसे ज्यादा खराब है।
यह बात बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बंधु की जिला स्तरीय बैठक में उद्योग विभाग के उपायुक्त मोहम्मद जहीरुद्दीन सिद्दीकी ने कही। इस पर बैठक की अध्यक्षता कर रहे डीएम आनंद कुमार सिंह ने सख्त नाराजगी जताते हुए बैंकों के शाखा प्रबंधकों/समन्वयकों को खबरदार किया कि योजनाओं का लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें वरना वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई की जाएगी।
उद्योग बंधु सदस्य संतोष कुमार गुप्ता आदि ने भूरागढ़ स्थित औद्योगिक आस्थान की बदहाली बताई। कहा कि यहां बिजली-पानी, सड़क आदि की समस्याएं हैं। यूपीएसआईडी के क्षेत्रीय प्रबंधक का कार्यालय प्रयागराज में है। उद्यमियों को भूखंड आवंटन, नक्शा आदि के लिए प्रयागराज जाना पड़ता है।
डीएम ने यूपीएसआईडी क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए कि भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण करके वहां की वस्तु स्थिति से अवगत कराएं। उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण करें।
डीएम ने क्षेत्रीय प्रबंधक को सप्ताह में एक दिन बांदा में उपलब्ध रहने का निर्देश दिया। बैठक में मनोज जैन, अमित सेठ भोलू, राजकुमार राज, शांतनु ओमर उर्फ सत्तन, सत्यप्रकाश सराफ, अशोक गुप्ता, दानिश सईद, अपर सूचना अधिकारी कुमारी शारदा आदि उपस्थित रहे।
फोटो-14बीएनडीपी-7 : पीडब्ल्यूडी अफसरों के साथ बैठक करते डीएम आनंद कुमार सिंह।
31 तक हर सड़क को करें गड्ढामुक्त
बांदा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया है कि 31 अक्तूबर तक जनपद की सड़कों को हर हाल में शत-प्रतिशत गड्ढामुक्त करना सुनिश्चित करें। अन्य निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता के साथ तेजी लाएं। मंगलवार को शाम कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम ने गड्ढामुक्त और नई सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण आदि कार्यों की समीक्षा की। पीडब्ल्यूडी अभियंताओं ने बताया कि 595.7 किलोमीटर सड़कों में गड्ढामुक्ति का लक्ष्य था। इसमें 240.70 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जा चुका है। यह लक्ष्य का 40 प्रतिशत है। बताया कि गड्ढामुक्ति के लिए 5.80 करोड़ रुपये की जरूरत है। जबकि शासन से अभी 2.29 करोड़ रुपये मिले हैं। नई सड़कों के निर्माण/चौड़ीकरण का काम कुल 76 भागों का काम पूरा होना बताया गया है। अन्य सड़कों पर काम चलने की जानकारी दी गई। प्रांतीय खंड अधिशासी अभियंता सुमंत कुमार सहित दूधनाथ यादव व रामआसरे दोहरे आदि अभियंता बैठक में उपस्थित रहे।
फोटो-14बीएनडीपी-6 : श्रेया आकर्ष इंस्टीट्यूट में मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण लेतीं बालिकाएं।
बालिकाओं को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण
बांदा। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पखवारे में बुधवार को श्रेया आकर्ष इंस्टीट्यूट में बालिकाओं को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षकों ने बालिकाओं को आत्म सुरक्षा के कई गुर सिखाए। प्रशिक्षण आगे भी चलेगा। प्रशिक्षण का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. शबाना रफीक और प्रधानाचार्य जेपी यादव व प्रबंधक उमा पटेल ने किया। कुमारी शिवानी व जागृति गुप्ता ने ईश वंदना पेश की। इंस्टीट्यूट की निर्देशक अंजूरानी दमेले ने सभी का आभार जताने के साथ ही कहा कि बालिकाओं में आत्म सुरक्षा के साथ आत्म विश्वास और आत्म निर्भर से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डा.शबाना ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और शैक्षणिक गतिविधियों में पूरा ध्यान देने को कहा। दीनदयाल सोनी, अनुराग चंदेरिया, नीरज निगम, पुष्पेंद्र विश्वकर्मा, दिलशाद खां, कैलाश, सत्यनारायण, दीपू, मधु गुप्ता, दीपाली आदि छात्र-छात्राएं व प्रशिक्षक उपस्थित रहे।