बेंदाघाट। सड़क पर गड्ढा बचाने के लिए आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया तो पीछे चल रहे डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में डंपर चला रहे क्लीनर की मौत हो गई। वास्तविक चालक क्लीनर के बगल में बैठा था। वह भी घायल हो गया। घायल चालक और मृतक क्लीनर रिश्ते में मामा-भांजे थे।
हादसा बांदा-टांडा नेशनल हाईवे पर बेंदा चौकी क्षेत्र के मजरा क्योटरा के पास रविवार सुबह पांच बजे हुआ। ट्रक और डंपर आगे पीछे चल रहे थे। इसी दौरान ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिया। इससे प्रतापगढ़ से कबरई गिट्टी लेने जा रहा डंपर टकरा गया।
डंपर उसका क्लीनर सुल्तानपुर के बरौला कूड़ेभार निवासी राकेश यादव (28) चला रहा था। भिड़ंत इतनी तेज थी कि क्लीनर घायल होकर केबिन में ही फंस गया। बगल में बैठा वास्तविक चालक सुल्तानपुर के डढ़वाकलां गांव निवासी रामशिरोमन यादव (45) भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी की मदद से डंपर का केबिन तोड़वाकर दोनों को बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टर ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। मृतक का भाई दिनेश भी ट्रक से गिट्टी लेने कबरई जा रहा था। कुछ देर बाद वह भी घटनास्थल पर पहुंच गया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ट्रक से डंपर टकराने के बाद हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। हाईवे के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। पुलिस ने जेसीबी की मदद से सड़क के बीच खड़े डंपर को हटवाया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।