बांदा। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना करके शहर के प्रमुख खेल मैदान राइफल क्लब में अन्य गतिविधियां की जा रही हैं। मैदान को नुकसान पहुंचाने पर खिलाड़ी हाईकोर्ट में अवमानना की याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।
राइफल क्लब खेल मैदान बचाओ समिति ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि वर्ष 2006 में जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि इस खेल मैदान में खेलकूद ही होंगे। इसमें कोई बाधा उत्पन्न न की जाए। इसके बावजूद यहां प्रदर्शनी, चुनावी रैलियां आदि हो रही हैं। प्रशासन इनकी अनुमति दे रहा है। नगर पालिका यहां कचरा फेंक रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि इस मैदान में 20 नवंबर से 10 दिसंबर तक बांदा चैलेंज कप क्रिकेट प्रतियोगिता होनी है। इसके मद्देनजर मैदान की सफाई, ध्वस्त बाउंड्री का पुनर्निर्माण, बैरीकेडिंग आदि करवाई जाए।
समिति ने चेतावनी दी कि ओर ध्यान देकर कार्रवाई नहीं की जाती तो समिति अपने अधिवक्ता सैयद अली मंजर के जरिये अवमानना की रिट दायर करेगी। ज्ञापन एडीएम उमाकांत त्रिपाठी ने लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। समिति के वरिष्ठ खिलाड़ी राजेश कुमार, कुतैबा जमा खां समेत अन्य लोग शामिल रहे।