बांदा। आस्ट्रेलिया में हृदय रोग विशेषज्ञ के भतीजे की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की बहन की अर्जी पर डीआईजी ने विवेचना कोतवाली नगर से महोबा पुलिस को सौंप दी है। साथ ही 15 दिन में निस्तारण के आदेश दिए हैं।
मूलरूप से महोबा जिले के कहरा गांव निवासी प्रतिमा सिंह मौजूदा में आवास विकास में रहती हैं। उन्होंने चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के डीआईजी को दी अर्जी में कहा कि उनके भाई अभिषेक उर्फ मोहित सिंह की 18 अगस्त को हत्या कर दी गई।
कोतवाली नगर इंस्पेक्टर घटना की विवेचना कर रहे हैं। आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्राधिकारी सदर पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए। अब तक कार्रवाई न होने पर आस्ट्रेलिया में रह रहे मृतक चाचा डॉ. यदुनाथ सिंह ने भी आनलाइन शिकायती पत्र दिया। विवेचना अन्य जनपद से कराने की मांग की।
डीआईजी डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने इसे गंभीरता से लेकर तत्काल प्रभाव से बांदा कोतवाली नगर से विवेचना महोबा कोतवाली स्थानांतरित कर दी है। महोबा एसपी से कहा है कि किसी सक्षम अधिकारी से विवेचना कराएं। 15 दिन में निस्तारण करें।