बेंदाघाट यमुना नदी पुल पर अटका दुर्घटनाग्रस्त ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा-टांडा नेशनल हाईवे पर शनिवार को तड़के बेंदाघाट में यमुना नदी के पुल पर दो सड़क हादसों में दो ट्रकों के चालक और एक खलासी घायल हो गए। एक ट्रक रेलिंग तोड़कर पुल में अटक गया। नदी में गिरने से बाल-बाल बचा। लगभग तीन घंटा हाईवे पर यातायात बाधित रहा। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदाघाट में शुक्रवार की रात बालू से भरा ट्रक सड़क पर खराब हो गया। फतेहपुर की तरफ जा रहा ट्रैक्टर इस ट्रक से जा टकराया। दोनों वाहन फंस जाने से यमुना पुल पर यातायात ठप हो गया। पुलिस ने बमुश्किल इसे चालू कराया। उधर, तड़के पुल पर खड़े खराब ट्रक पर पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। यह ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे लटक गया।
इस ट्रक का चालक मूलचंद्र (54) पुत्र भउवा निवासी मौदहा (हमीरपुर) और टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक गयादीन (26) पुत्र मिश्रीलाल तथा खलासी राजकुमार (25) पुत्र रामतीरथ निवासीगण इनायत नगर (फैजाबाद) को गंभीर चोटें आईं। बेंदा चौकी प्रभारी राधामोहन द्विवेदी और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विवेक कुमार सिंह ने तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हाईवे की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर सड़क पर यातायात बहाल कराया। घंटों जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। दुर्घटनाओं की वजह कोहरे की धुंध बताई गई है।