बांदा। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में 16 दिसंबर से आयोजित नेशनल यूथ वालीबाल प्रतियोगिता में यूपी टीम ने दमदार प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता 22 दिसंबर तक चलेगी।
यूपी टीम में शामिल बांदा के दो खिलाड़ी विकल्प सिंह जादौन निवासी बड़ोखर खुर्द और लोहरा गांव के कौशलेंद्र त्रिपाठी के दमदार प्रदर्शन के बदौलत झारखंड, पंजाब, गोवा, बिहार, तेलांगाना, मिजोरम तथा मध्य प्रदेश को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। मध्य प्रदेश के साथ खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश ने मध्य प्रदेश को चार सेटों तक चले मुकाबले में 25-20, 20-25, 25-15 तथा 25-21 से पराजित किया है।
यूपी की टीम में बांदा के स्टार खिलाड़ी विकल्प सिंह जादौन तथा कौशलेंद्र त्रिपाठी ने बेस्ट-6 में क्रमश: सेंटर तथा सेंटर ब्लाकर की भूमिका को शानदार तरीके से निभाया है। टीम की हौसला अफजाई करने के लिए पूर्व विधायक युवराज सिंह, शिवकुमार गुप्ता, रणवीर सिंह, अंकित कुशवाहा, गजराज सिंह आदि पन्ना में हैं।
बांदा के इन होनहार खिलाड़ियों की सफलता पर डॉ. इंद्रवीर सिंह, रामेंद्र शर्मा, कमल यादव, राष्ट्रीय रेफरी बोर्ड के चेयरमैन राजेश कुमार, धीरेंद्र सचान, राहुल शुक्ला, विक्रम कुमार, महेश प्रसाद गर्ग, सुरेंद्र द्विवेदी, मेजर मिथिलेश पांडे, प्रमोद कुमार, कपिल देव सिंह तोमर, शिवप्रताप सिंह चंदेल, डॉ. आनंद गुप्ता, राकेश सिंह, रमाकांत त्रिपाठी, शैलेंद्र कुशवाहा ने खुशी जताई है।