टीम के छापे से सहमे दुकानदारों ने बंद की दुकानें।
- फोटो : BANDA
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में तीसरे दिन भी वस्तु एवं सेवाकर (स्टेट जीएसटी) टीमों की छापेमारी जारी रही हैं। लखनऊ से आई 12 टीमों ने टैक्स चोरी की आशंका पर पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के रिश्तेदार कांग्रेस नेता समेत करीब 11 प्रतिष्ठानों में जांच की। उनके दस्तावेज कब्जे में ले लिए। प्रतिष्ठान स्वामियों व कर्मियों आदि के मोबाइल भी स्विच ऑफ करा दिए थे।
बुधवार को एसजीएसटी की तीन टीमों ने शहर मुख्यालय में दो बड़े प्रतिष्ठानों में छानबीन की। कांग्रेस यूपी-पश्चिम के प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के रिश्तेदार कांग्रेस नेता मुमताज अली की अलीगंज स्थित बिल्डिंग मैटेरियल दुकान में जांच की। स्टॉक का मिलान किया। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम साढ़े चार बजे तक चली जांच में कई दस्तावेज टीम ने कब्जे में ले लिए।
दूसरी टीम ने कोतवाली रोड स्थित कपड़ा दुकान में छापा मारकर जांच की। यहां भी दस्तावेज कब्जे में लेकर टीम अपने साथ ले गई। छापे के दौरान किसी को भी बाहर या अंदर आने-जाने नहीं दिया गया। दोनों स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। उधर, टीम के छापा मारते ही आसपास के दुकानदार ताला डालकर भाग निकले।
चित्रकूटधाम मंडल के ज्वाइंट कमिश्नर राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि महोबा, हमीरपुर और चित्रकूट जनपदों में भी 3-3 प्रतिष्ठानों में टीमों ने अलग-अलग छापा मारा। सभी के दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं।
छापेमारी में शामिल प्रतिष्ठानों में कृषि यंत्र, बिल्डिंग मैटेरियल, सीमेंट की ईंट निर्माण आदि से संबंधित हैं। टैक्स चोरी की शिकायतें मिली हैं। कार्रवाई की जद में आए सभी फर्मों में टैक्स चोरी सामने आ रही है।