अतर्रा। एक्सिस बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार से ठगी की गई। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया, तब गिरवां थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई।
गिरवां थाना क्षेत्र के बंडे गांव निवासी स्वर्ण सिंह ने एसपी अभिनंदन को शिकायती पत्र दिया। बताया कि एक सिंतबर को अतर्रा थाना क्षेत्र के ओरहा निवासी आदित्य तिवारी उसके घर आया और एक्सिस बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
नौकरी दिलाने के एवज में 1.20 लाख रुपये मांगे। उसने फोन पे से रकम भेज दी। आरोपी उसे नोएडा ले गया। वहां आठ स्थानों पर फर्जी तरीके से साक्षात्कार दिलवाया। इसके बाद उसे घर ले आया और जल्द ही ज्वाइनिंग लेटर आने की बात कहकर चला गया।
तीन महीने तक जब लेटर नहीं आया तो ठगी का अहसास होने पर उसने रुपये वापस मांगे। आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। थाना प्रभारी गिरवां सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।