बांदा। कोरोना कर्फ्यू का कितना पालन हो रहा है, यह देखने पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा खुद निकल पड़े। अपनी कार से पुलिस के चिह्न और लाल बत्तियां हटवाकर शहर का निरीक्षण किया। सड़कों पर घूमने लोग उनके साथ मौजूद ड्राइवर और एक कांस्टेबिल भी सादे कपड़ों में था।
यह लोगों के बीच घूमते रहे और लोगों को भनक भी नहीं लगी। पूरा जायजा लेने के बाद आईजी ने सीओ सिटी और कोतवाली प्रभारी को तलब किया। यह दोनों और कई सब इंस्पेक्टर भागकर बाजार पहुंचे। आईजी ने गाइडलाइन के हो रहे खुले उल्लंघन पर दोनों की क्लास ली और सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क का पालन कराने तथा अनुमति वाली दुकानों को ही खुलने की व्यवस्था के निर्देश दिए। आईजी ने अपना खुफिया निरीक्षण सब्जी मंडी, चौक बाजार, महेश्वरी देवी चौराहा आदि में किया। कुछ दुकानों में ज्यादा भीड़ देखकर दुकानदारों को ताकीद की कि बिना मास्क वालों को सामान न दें। गोले बनाकर उन्हें दूरी पर खड़ा करें। आईजी ने खुद भी खरीदारों को कतारबद्ध खड़ा कराया। आईजी ने इन लोगों से कहा कि बहुत ही जरूरी होने पर घरों से निकलें। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करें। संक्रमण से खुद बचे और दूसरों को भी बचाएं।
मंडल में 58 राहगीरों और 50 वाहनों का चालान
बांदा। बीती रात चित्रकूटधाम मंडल में पुलिस ने कर्फ्यू पालन का चेकिंग अभियान चलाया। आईजी के. सत्यनारायण के निर्देश पर रात 10 से 12 बजे तक चले अभियान में 58 राहगीरों और 50 वाहनों का चालान करके उनसे 29500 रुपये वसूले गए। चारों जिलों में कुल 213 लोगाें से पूछताछ की गई। बांदा में मास्क न लगाने पर 25 लोगों और बेवजह वाहनों पर घूम रहे 14 लोगों का चालान किया गया। चित्रकूट में मास्क न लगाने वाले चार राहगीरों और बेवजह घूमने वाले छह लोगों का चालान हुआ। हमीरपुर में 23 लोगों को मास्क न लगाने और 28 वाहनों का चालान हुआ। महोबा में छह लोगों को मास्क न लगाने और दो वाहनों का अनावश्यक घूमने पर ई-चालान हुआ।