बांदा। बिजली कनेक्शन के मीटर ग्रामीणों को थमाकर बिना कनेक्शन दिए ही बिजली विभाग ने बिलिंग चालू कर दी। 5000 से 8000 रुपये के बिल आने पर ग्रामीण सकते में आ गए। शिकायत के बाद पावर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता ने अधिशासी अभियंता को जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
अतर्रा तहसील के उढ़की पुरवा (भुसासी) के ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षरों से अधीक्षण अभियंता को दी अर्जी में बताया कि उनके गांव में दो साल पूर्व सौभाग्य योजना के तहत 20 घरों में कनेक्शन देने की बात कही थी लेकिन आज तक गांव की आबादी में लाइन नहीं खींची गई। न ही ट्रांसफार्मर लगा है। इसके लिए कई बार अतर्रा तहसील दिवस में व अन्य अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ ही दिन बाद बिजली विभाग ने ग्रामीणों के नाम बिजली बिल जारी कर दिए हैं। दर्जनों ग्रामीणों को मिले बिल 5000 से लगभग 9000 राशि तक के हैं। बिल लगातार आ रहे हैं। उदाहरण के लिए महिला जुलेखा को 8877 रुपये, आसमां को 8859 रुपये, खतुनिया को 8891 रुपये, हसीना को 5147 रुपये, मदीना को 5827, खुदा बख्श को 5982, बाबू खां को 5538, शरीफुन को 5117, रमजान को 5291 रुपये के बिल मिले हैं। ग्रामीणों के मुताबिक उन्हें बिजली विभाग ने सिर्फ मीटर सौंप दिए थे। जो आज भी उनके पास रखे हुए हैं।