बांदा। दूल्हे के मामा की सरकारी हैंडपंप में नहाते समय करंट से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक हैंडपंप में गांव के एक व्यक्ति ने सबमर्सिबल पंप लगवा रखा है। इसी से करंट उतर आया। मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना मंगलवार की सुबह तिंदवारी थाना क्षेत्र के सैमरी गांव की है। स्योहट डोमरी (गिरवां) गांव निवासी मिठाईलाल (35) पुत्र भोला सुबह करीब साढ़े 10 बजे सरकारी हैंडपंप में नहाने गया था। नल को स्पर्श करते ही वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मिठाईलाल के बहनोई अमर वर्मा ने बताया कि उसके पुत्र राहुल वर्मा (मृतक का भांजा) की 6 दिसंबर को शादी थी। मिठाईलाल सपरिवार शादी में शामिल होने आया था। बरात लौटने के बाद मंगलवार को घर में अन्य रस्में चल रही थीं तभी हादसा हो गया। आरोप लगाया कि सरकारी हैंडपंप में गांव के दबंग ने सबमर्सिबल पंप डाल रखा है। इसी वजह से नल में करंट उतर आया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। मृतक पेशे से मजदूर था। तीन पुत्री व एक पुत्र है। उधर, तिंदवारी थाना इंसपेक्टर जाकिर हुसैन ने घटना से अनभिज्ञता जताई। कहा कि तहरीर मिलने पर जांच व कार्रवाई की जाएगी।