बांदा। दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में किसान यात्रा पर निकलने से पहले ही सपा नेताओं को उनके घरों में घेर लिया गया। प्रमुख नेताओं के घर रात से ही पुलिस पहुंच गई। घरों के दरवाजे पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों का पहरा लग गया। बड़े नेता घरों में ही कैद होकर रह गए। उधर, सड़कों पर आ गए सपाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर धारा 151 में चालान कर दिया। जिले में 48 सपाई पकड़े गिरफ्तार किए गए। देर शाम तक उन्हें पुलिस लाइन और थानों में रखा गया था। सभी सपाइयों का कोरोना टेस्ट हुआ।
पार्टी हाईकमान के निर्देश पर प्रदेश व्यापी किसान यात्रा को लेकर सरकार ने कड़े तेवर अपनाए। सोमवार को तड़के से ही बांदा शहर में जिलाध्यक्ष विजय करन यादव, पूर्व अध्यक्ष शमीम बांदवी व बीपी यादव, नगर पालिका चेयरमैन मोहन साहू और बबेरू में पूर्व विधायक विशंभर सिंह यादव के घरों पर पुलिस का पहरा लग गया। इन सभी को घरों में ही नजरबंद करते हुए पुलिस ने कहीं जाने की अनुमति नहीं दी।
पुलिस ने सपाइयों को शहर में स्थित पार्टी के जिला कार्यालय का ताला भी नहीं खोलने दिया गया। सपाई बाहर बैठे ही पुलिस से नोकझोंक करते रहे। शहर के विभिन्न स्थानों से 31 सपाइयों को पुलिस ने हिरासत में लेकर वाहनों से पुलिस लाइन पहुंचा दिया। उधर, अतर्रा में 17 सपाइयों को गिरफ्तार किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने देर शाम बताया कि सभी का धारा 151 सीआरपीसी में चालान किया गया है। देर रात तक सपाइयों को छोड़ा नहीं गया था।
गिरफ्तारी और प्रदर्शन में शामिल प्रमुख सपाइयों में अशोक सिंह गौर, प्रदीप निगम लाला, पीयूष गुप्ता, मुशीर अहमद फारुकी, मोहम्मद हनीफ, राजेंद्र यादव, आमिर खां, सुशील त्रिवेदी, अनुपम लौहवंशी, अशोक श्रीवास, निर्भय सिंह मोंटी, विद्यासागर तिवारी, प्रदीप यादव, प्रदीप जड़िया, नंदकिशोर यादव, वृंदावन वैश्य, शिवकरन पाल, राकेश राजपूत, सोनेलाल पटेल, मनोज वर्मा, शिवसागर यादव, अनिरुद्ध यादव, रईस अहमद, रोहित राज यादव, विक्रम यादव, शैलेंद्र यादव इत्यादि रहे।
उधर, प्रसपा (लोहिया) जिलाध्यक्ष इम्तियाज खां के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारों के साथ प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह व सीओ आलोक मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। युवा नेता एजाज खां सहित छोटेलाल यादव, आशीष सोनकर, रामलखन यादव, अशोक कुमार यादव, अब्दुल हमीद, आरिफ खां, गया प्रसाद यादव, चांद, साजिद सौदागर, इंद्रपाल, हाजी मोहम्मद रशीद आदि कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उधर, सपाइयों के आंदोलन के मद्देनजर शहर के प्रमुख स्थानों और बड़े सपा नेताओं के घरों के बाहर सुबह से ही पुलिस तैनात रही। कस्बों में भी यही स्थिति रही।
सपाई अधिवक्ता भी किसानों की वकालत में
बांदा। किसानों की वकालत में अधिवक्ता भी शामिल हुए। वरिष्ठ सपा नेता और अधिवक्ता अशोक दीक्षित ने अपने साथियों के साथ क्योटरा चौराहे से कलक्ट्रेट के सामने से होते हुए रोडवेज बस अड्डे तक प्रदर्शन किया। अशोक लाट में पुलिस से नोकझोंक भी हुई। सपा के नगर अध्यक्ष प्रदीप निगम लाला सहित इस्लाम खां, अधिवक्ता अभिसार दीक्षित व राम प्रताप कुशवाहा, लियाकत हुसैन, रुखसाना हाशमी इत्यादि शामिल रहे।
गिरफ्तार सपा नेता कोरोना पॉजिटिव
बांदा। गिरफ्तार सपाइयों में एक सपा नेता को कोरोना संक्रमित पाया गया। पुलिस द्वारा सपा नेताओं को अपने वाहन से पकड़कर पुलिस लाइन ले जाया गया। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी का कोरोना टेस्ट कराया। एक जिला उपाध्यक्ष की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे मेडिकल कालेज स्थित कोविड-19 अस्पताल भेज दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि की।
बबेरू में नजरबंद रहे पूर्व विधायक
बबेरू। सोमवार को सुबह पूर्व विधायक विशंभर सिंह यादव के आवास पुलिस बल लगाकर उन्हें नजरबंद कर दिया। उनके घर के रास्ते पर बैरियर लगा दिए गए। पूर्व विधायक ने कहा कि सपा के सिपाही सरकार से डरने वाले नहीं हैं। कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा समेत बबेरू, मर्का, कमासिन, बिसंडा, मुरवल की पुलिस तैनात रही।
प्रदर्शन कर रहे सपाई थाने भेजे गए
अतर्रा। सपा नगर अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता व प्रांतीय नेता ब्रजभूषण यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने चौक बाजार में प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें पकड़कर वाहनों से थाने पहुंचा दिया। यहां पूरा दिन उन्हें रोके रखा गया। 17 सपाइयों का धारा 151 में चालान हुआ। सत्येंद्र त्रिपाठी, विवेक बिंदु तिवारी, आलोक यादव, संजय साहू, कल्लूराम जाटव, रामनरेश यादव, घनश्याम सोनी, रोहित रैकवार आदि शामिल रहे। सीओ सत्य प्रकाश शर्मा, इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
तिंदवारी थाने में रखे गए सपाई
तिंदवारी/बेंदाघाट। कृषि कानून के विरोध में आंदोलित सपाइयों को पुलिस ने थाने में पूरा दिन रोके रखा। जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश पटेल, ब्लॉक प्रमुख वरुण यादव, विमल कुमार द्विवेदी, पंकज गुप्ता, आकाश कान्हा, कृष्ण पाल यादव, जयकरण वर्मा, सचिन श्रीवास्तव, जय सिंह यादव, रामबली दीक्षित, हफीजुल इस्लाम, रजउवा कुशवाहा, राजबहादुर गुप्ता आदि शामिल रहे।
सपाइयों ने यात्रा निकाली, धरना दिया
ओरन। मुख्य चौराहे में सपा नेता भरतलाल दिवाकर की अगुवाई में सपाइयों ने किसान यात्रा निकाली। धरना भी दिया। शिवम शिवहरे, वैदहीशरण शिवहरे, नीरज द्विवेदी, रोहित शिवहरे, शैलेंद्र साहू, देवेंद्र द्विवेदी, नीरज त्रिपाठी, विनय शिवहरे, शेष नारायण द्विवेदी, राहुल यादव, पवन कुशवाहा, सौरभ गुप्ता, अकबर खां, संजय चौरसिया, मनीष, दलजीत यादव आदि शामिल रहे।
जिलाध्यक्ष विजय करन यादव को उनके आवास में घेरे पुलिस।- फोटो : BANDA
पुलिस लाइन में गिरफ्तार सपाई।- फोटो : BANDA
तिंदवारी थाने में नजरबंद सपाई।- फोटो : BANDA
बबेरू में पुलिस के पहरे में अपने आवास पर पूर्व विधायक विशंभर सिंह यादव।- फोटो : BANDA