बांदा/चित्रकूट। चित्रकूटधाम मंडल के बांदा और चित्रकूट में काफी दिनों के बाद संक्रमितों की संख्या में काफी कमी आई है। बांदा में रविवार को जहां कोरोना से संक्रमित तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 36 नए संक्रमित मरीज मिले, जबकि चित्रकूट में 30 नए संक्रमित मिले।
बांदा के कोविड अस्पताल में भर्ती संक्रमित तीन मरीजों की मौत हो गई। अब तक 125 लोग कोरोना संक्रमण से जान गंवा चुके हैं। उधर, कई दिनों बाद नए संक्रमितों की संख्या में काफी गिरावट आई, जबकि इसके पूर्व नए संक्रमितों का आंकड़ा डेढ़ सैकड़ा के करीब रहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, रविवार को तीन कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया। यह सभी राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती थे। सीएमओ डा. एनडी शर्मा ने बताया कि रविवार को सिर्फ 36 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इनमें शहरी क्षेत्र के 20 और ग्रामीण क्षेत्र के 16 मरीज शामिल हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या अब 1292 हो गई। शहर में कटरा, सर्वोदय नगर, दुर्गा बाजार और ग्रामीण क्षेत्र में नरैनी, अतर्रा, तिंदवारी व बछेही शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को 337 संक्रमित स्वस्थ हो गए। अब तक 8522 कोरोना पॉजिटिव ठीक हो चुके।
उधर, चित्रकूट में रविवार को राहत की खबर आई, जब जांच रिपोर्ट के आधार पर सिर्फ 30 नए संक्रमित मरीज मिले। इसके अलावा पहले से पॉजिटिव मरीजों में 178 स्वस्थ होकर घर लौट गए। जिले के मानिकपुर, मऊ, रामनगर, राजापुर, पहाड़ी, सरैंया, भरतकूप, शिवरामपुर व सीतापुर क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में कोरोना संक्रमितों की जांच का काम जारी है। रविवार को मिले पॉजिटिव मरीजों में 10 मरीज नगर पालिका कर्वी क्षेत्र के हैं, जबकि अन्य सभी ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। मुख्यालय के जिला अस्पताल समेत शहरी पीएचसी और नगर पालिका के पास स्कूल में जांच की गई। प्रभारी सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने बताया कि सभी जगह मिलाकर 911 लोगों की जांच हुई है, जिसमें 30 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। मृतकाें की कुल संख्या 60 है। जिले में कुल एक्टिव केस 1310 हैं।