बांदा। हत्या के आरोप में एक साल से जेल में बंद बंदी उपचार के दौरान वाराणसी के मानसिक रोगी अस्पताल से फरार हो गया। अस्पताल अधीक्षक लिलि श्रीवास्तव ने पांडेयपुर स्थित पुलिस स्टेशन में बंदी के फरार होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बांदा के कारागार अधीक्षक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दिसंबर 2020 में शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव निवासी हरीशंकर को हत्या के आरोप में जेल भेजा गया था। 14 दिसंबर 2021 को उसे अजीब हरकतें करने पर मानसिक रोगी अस्पताल पांडेयपुर (वाराणसी) में भर्ती कराया गया था।
तब से उसका वहीं इलाज चल रहा था। अस्पताल से सूचना दी गई है कि बंदी गुरुवार की रात तीसरी मंजिल से चादर और साड़ियों की रस्सी बनाकर फरार हो गया। बंदी की तलाश के लिए जेल की एक टीम लगाई गई। उधर, वाराणसी पुलिस भी बंदी की तलाश कर रही है।