बांदा। चित्रकूटधाम मंडल स्तरीय बाल क्रीड़ा
प्रतियोगिता में जीत का ताज मेजबान बांदा के सिर बंधा। यहां के परिषदीय
स्कूलों में पढ़ने वाले बालक-बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल के
तीन अन्य जनपदों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
चित्रकूट जनपद
को दूसरा स्थान मिला। समापन समारोह में मंडलायुक्त और सहायक शिक्षा निदेशक
ने विजेताओं को शाबासी के साथ शील्ड और पुरस्कार दिए।
दो दिवसीय
क्रीड़ा प्रतियोगिता पुलिस लाइन ग्राउंड में मंगलवार को शुरू हुई थी।
बुधवार को समापन हुआ। दो दिनों में दौड़, गोला फेंक, चक्का फेंक, लंबी कूद,
कबड्डी, हैंडबाल, खो-खो आदि के मुकाबले हुए।
जूनियर और प्राथमिक
स्तर पर बालक-बालिकाओं ने अलग-अलग मैच खेले। मेजबान बांदा जनपद की टीम सबसे
ज्यादा अंक हासिल करके चैंपियन बनीं। रनर के रूप में चित्रकूट उभरा।
इसी
तरह जूनियन वर्ग में व्यक्तिगत चैंपियनशिप महोबा ने जीते। यहां के
धीरेंद्र और चंदा को बालक व बालिका वर्ग में शील्ड प्रदान की गई। प्राथमिक
वर्ग में बालक में चित्रकूट के पंचराज, बालिका में हमीरपुर की नीतू ने
व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की।
इन टीमों को मंडलायुक्त एल
वेंकटेश्वर लू और आयोजन के अध्यक्ष सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) जीएस
राजपूत ने शील्ड और ईनाम इत्यादि बांटे।
इसके पूर्व चित्रकूट की
छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत, हमीरपुर के बच्चों ने पीटी
प्रदर्शन और बांदा की बालिकाओं ने तिरंगा गीत पेश किया। मंडलायुक्त, सहायक
निदेशक और प्रतियोगिता संयोजक बांदा बीएसए ओपी त्रिपाठी को स्मृति चिन्ह
दिए गए।
प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने सभी
प्रतिभागियों को शाबासी और अधिकारियों का आभार जताया। मंडल के चारों जनपदों
के एबीएसए, व्यायाम शिक्षक भी सम्मानित किए गए।
जयकिशोर दीक्षित,
विनय पांडेय, राकेश शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, वीरेंद्र गौतम, रामदेव, डीसी
श्रीवास्तव, मइयादीन यादव, बाबूलाल गुप्ता, आलोक यादव, अनुष्का जड़िया
सहयोगी रहे। बीएसए बांदा ने सभी का आभार जताया।