बांदा। कर्वी (चित्रकूट) में पावर कारपोरेशन के उप खंड अधिकारी को स्थानीय सपा विधायक द्वारा कथित पिटाई और रिपोर्ट दर्ज कराने तथा मौदहा में जेई और कर्मचारी के साथ की गई बदसलूकी के विरुद्ध पूरे मंडल के बिजली कर्मचारी लामबंद हो गई है। दोनों मामलों के आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार न कराने पर पूरे मंडल में हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
शनिवार को शाम विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने यहां मंडलायुक्त दिए ज्ञापन में कहा कि दो दिसंबर को चित्रकूट (कर्वी) के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) आशीष कुमार के साथ वहां के क्षेत्रीय विधायक वीर सिंह पटेल, जिला शासकीय अधिवक्ता अशोक कुमार गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि संतराम पटेल एवं पवन पटेल और कई अन्य व्यक्तियों ने मारपीट की। एसडीओ का कमरा बंद कर दिया। वहां रखे सरकारी अभिलेख कंप्यूटर आदि क्षतिग्रस्त कर दिए। एसडीओ के तीनों मोबाइल छीनकर असलहे लहराते हुए चले गए। बिजली कर्मियों का यह भी आरोप है कि इस दौरान महिला कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि एसडीओ की ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसी स्थिति में वहां कोई कर्मचारी काम करने को तैयार नहीं है।
ज्ञापन में एक और घटना का जिक्र किया गया है कि पहली दिसंबर को मौदहा (हमीरपुर) में वसूली अभियान के दौरान वहां के एसडीओ और अवर अभियंता के साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसकी रिपोर्ट भी मौदहा कोतवाली में दर्ज है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। संयुक्त संघर्ष समिति ने ज्ञापन में कहा कि 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे मंडल में कार्यालय और सब स्टेशनों के अधिकारी और कर्मचारी काम नहीं करेंगे। बिजली आपूर्ति अव्यवस्थित होने पर प्रशासन जिम्मेदार होगा। ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वालाें में अभियंता संघ, राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संघ, विद्युत कर्मचारी मोर्चा संघ, उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ और हाइड्रो इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष शामिल रहे।