वेलेंटाइन डे पर प्यार का इजहार ज्यादातर लुकछिप कर हुआ। फोन पर बात और मैसेज की भरमार रही। पुलिस, समाज और कुछ संगठनों के खौफ से प्रेमी जोड़े सरेआम रूबरू नहीं हुए। पार्कों, होटल, रेस्टोरेंट आदि में सन्नाटा रहा।
उधर, एक जोड़े को बाइक पर जाते समय रोक कर अभद्रता कर रहे कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं को कोतवाली प्रभारी ने जमकर हड़काया है। वेलेंटाइन डे पर महानगरों जैसी गतिविधियां कम नजर आईं। होटल, रेस्टोरेंट आदि में भी जोड़ों की संख्या गिनी-चुनी रही।
बिजलीखेड़ा में बाइक पर जा रहे युवक-युवती को रोककर अटपटे सवाल करने और युवक को युवती के राखी बांधने के लिए मजबूर करने पर कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह कुछ कार्यकर्ताओं को जमकर हड़काया। कार्रवाई की चेतावनी दी। उधर, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बाइक जुलूस निकाला।
भूरागढ़ दुर्ग, अवस्थी पार्क, अंबेडकर पार्क और शहर के होटल खंगाले। यहां कोई जोड़ा नहीं मिला। अलबत्ता अतर्रा रोड पर एक रेस्टोरेंट में कुछ जोड़े पाए गए। कार्यकर्ताओं उनके माता-पिता को बुलाकर सौंप दिया। कार्यकर्ताओं में प्रभाकर सिंह चंदेल, अनुरुद्ध सिंह, अरविंद त्रिपाठी, चंद्रमोहन वेदी, महेंद्र सिंह गौतम, पवन कुमार सिंह, संदीप चंदेल, जय सिंह, कृष्णकांत, राजेंद्र सिंह, रामजी आदि शामिल रहे।