कृषि विश्वविद्यालय में कार्यशाला को संबोधित करते कुलपति डॉ.यूएस गौतम।
- फोटो : amarujala
बुंदेलखंड में मसाला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए दो दिवसीय कार्यशाला के पहले दिन तकनीकी सत्र में खेती व आय बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। वैज्ञानिकों ने धनिया व जीरा की पैदावार से किसानों की आमदनी बढ़ाने के तरीके बताए। भारत सरकार के वैज्ञानिक ने बताया कि बुंदेलखंड में बांदा जिला धनिया उत्पादन में पहले स्थान पर है।
कृषि विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय सभागार में मंगलवार को बुंदेलखंड में मसालों वाली फसलों के उत्पादन की संभावनाओं को लेकर कार्यशाला की शुरुआत हुई। कुलपति डॉ.यूएस गौतम ने बताया कि भारत सरकार के एकीकृत बागवानी मिशन व नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में बुंदेलखंड परिक्षेत्र के किसानों को मसाला फसलों के उत्पादन की तकनीक दी जाएगी। संयुक्त कृषि निदेशक विवेक कुमार सिंह ने कहा कि मसाला की पैदावार के लिए बुंदेलखंड बेहतर है। पहले तकनीकी सत्र में मसाला बोर्ड भारत सरकार के वैज्ञानिक डॉ.जॉन वर्गीज ने बताया कि कुल मसाला उत्पादन का 11 फीसदी भारत द्वारा दूसरे देशों को निर्यात किया जाता है। बुंदेलखंड में धनिया उत्पादन में बांदा पहले स्थान पर है। यहां धनिया के साथ जीरा उत्पादन की भी अपार संभावनाएं हैं। यह किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित होंगे। सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय कालीकट (केरल) के वैज्ञानिक मधुनायक ने जल प्रबंधन प्रणाली अपनाकर मसाला उत्पादन की सलाह दी। इसके लिए बुंदेलखंड में मॉडल नर्सरी विकसित करने की जरूरत है।
दूसरे सत्र में मसाला फसलों कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में बताया गया। डॉ.धर्मेंद्र कुमार, प्रो.एनके वाजपेई, डॉ.आरके सिंह ने सुझाव रखे। कार्यशाला में 35 वैज्ञानिक, 12 कृषि एवं उद्यान अधिकारी, 10 प्रगतिशील कृषकों समेत कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने भाग लिया। जन संपर्क अधिकारी डॉ.बीके गुप्ता ने बताया कि बुधवार को मसाला फसलों की कटाई के उपरांत प्रबंधन, विपणन व उद्यमिता पर चर्चा होगी।