नेशनल हाईवे पर बाइक की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध किसान की मौत हो गई। बाइक सवार को भी चोटें आई हैं। एक अन्य घटना में चार दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल बाइक सवार युवक की कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
गिरवां थाना क्षेत्र के महुआ गांव का रामजियावन (70) पुत्र हनुमान सोमवार की रात साइकिल से घर आ रहा था। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर बांदा की तरफ से जा रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों और परिजनों ने रामजियावन को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। बाइक सवार युवक को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक के पुत्र शंकर ने बताया कि पिता के नाम 6 बीघा जमीन है। खेत से घर आते समय हादसा हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उधर, महुआ गांव में 24 घंटे के अंदर सड़क हादसे से यह दूसरी मौत है। रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने 31 वर्षीय किसान मनोज द्विवेदी को रौंद दिया था।
एक अन्य घटना में 14 दिसंबर की रात ट्रैक्टर की टक्कर से घायल नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बांस पोखरी गांव निवासी संजय (27) पुत्र नत्थू की सोमवार सुबह कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। चाचा लखन राजपूत ने बताया कि संजय अपने चचेरे भाई बब्लू (21) के साथ बाइक पर अपनी ननिहाल नंनपुर (करतल) गांव जा रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। मृतक घर में इकलौता था। वह खेतीबाड़ी करता था। एक पुत्र व एक पुत्री है।