कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम सुरेश कुमार ने मनरेगा से ‘जल बचाओ अभियान’ के तहत अधिक से अधिक तालाब बनाने और मजदूरों को रोजगार मुहैया कराने को कहा। लोहिया गांव में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। लापरवाही पर पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश दिए।
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में डीएम ने स्कूलों में शौचालय निर्माण और मरका व लड़ाका पुरवा में आंगनबाड़ी केंद्र भवन बनाने के आदेश दिए। कुम्हेढ़ा सानी, मुहुरेछा, दांदौं, जबरापुर, पुकारी, जलालपुर लोहिया गांवों में अधूरे संपर्क मार्ग पूरे करने का निर्देश दिया।
सभी लोहिया गांवों में सोलर लाइट लगाने और जल निगम अधिशासी अभियंता को खराब हैंडपंपों का रिबोर करने को कहा। बैठक में सीडीओ राममणि त्रिपाठी, अर्थ एवं संख्याधिकारी आरडी यादव समेत कार्यदाई संस्थाओं के अधिशासी अभियंता व कर्मचारी मौजूद रहे।
उधर, तिंदवारी ब्लाक के लोहिया गांव दतरौली में चौपाल लगाकर डीएम ने समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का जायजा लिया। प्राइमरी स्कूल का हैंडपंप खराब होने पर तत्काल दुरुस्त करने को कहा। शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने पर पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश दिए।
ग्रामीणों की मांग पर दतरौली-बंबिया संपर्क मार्ग डामरीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता को इस्टीमेट तैयार करने को कहा। ओवरहेड टैंक से बरेठी कलां में जलापूर्ति ठप होने पर जल संस्थान के अभियंता को इसे चालू कराने के आदेश दिए। इस दौरान सीडीओ राममणि त्रिपाठी, एसडीएम विनय कुमार पाठक समेत अधिकारी व सपा नेता राजेंद्र यादव, पतिराखन निषाद आदि मौजूद रहे।