पैलानी (बांदा)। घर के अंदर बनी कोठरी में बीए की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से पहले वह घर के पास स्थित हैंडपंप से नहाने के लिए पानी भरकर घर के अंदर गई थी। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता पाए।
पैलानी थाना क्षेत्र के गांव खप्टिहाकलां निवासी रामकृपाल सोनकर की पुत्री वंदना (20) ने शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर के अंदर बनी कोठरी में लगी कड़ी से रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
पिता रामकृपाल सोनकर घर के पीछे बरसीम बोने चले गए थे। छोटा भाई घर के बाहर सोया हुआ था, जब वह जगा तो दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा खुलने पर उसने अपने पिता रामकृपाल सोनकर को यह बात बताई।
पिता व भाई ने घर के पीछे से चढ़कर देखा तो वह फंदे से लटकी थी। वह तीन बहनों व दो भाइयों में दूसरे नंबर की थी। वह राजकीय महाविद्यालय पिपरहरी में बीए की छात्रा थी। वंंदना की मां निर्मला की 15 साल पहले निधन हो चुका है। बड़ी बहन किरन घटना से एक दिन पहले ही गांव से ससुराल गई थी।
पिता ने बताया कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ है। पैलानी थाना इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि परिजन कारण नहीं बता सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
-
खंडहर में फंदे से लटका मिला राजमिस्त्री का शव
बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र के लुकतरा गांव के भोला का पुरवा में राजमिस्त्री ने घर के पास स्थित खंडहर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। गांव निवासी राजू प्रजापति (50) राजमिस्त्री थे।
पुत्र विपिन ने बताया कि पिता शनिवार रात घर नहीं आए थे। परिजन ने समझा कि वह काम की जगह पर ही रुक गए होंगे। शनिवार सुबह विपिन किसी काम से घर के पास स्थित खंडहर में गया तो पिता का शव लुंगी के फंदे से लकड़ी के सहारे लटका मिला। उसने बताया कि पिता नशे के आदी थे।
परिवार में पत्नी कमला, पांच पुत्र और दो पुत्रियां हैं। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि राजू ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। परिजन किसी घरेलू विवाद से इन्कार कर रहे हैं। फिलहाल स्पष्ट कारण पता नहीं चला। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। (संवाद)