जसपुरा। बीए फाइनल वर्ष की छात्रा ने रविवार की शाम कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रात को खेत से लौटे परिजनों ने बेटी का शव फंदे पर लटका देखा तो चीख पड़े। खुदकुशी का कारण परिजन नहीं बता सके।
जसपुरा कस्बा निवासी गुड़िया देवी (19) पुत्री तुलसीराम रविवार को घर में अकेली थी। मां ज्ञानमती और पिता समेत अन्य परिजन खेत पर गए थे। इसी दौरान गुड़िया ने कमरे के अंदर दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रात आठ बजे माता-पिता खेत से घर लौटे तो बेटी कमरे में फंदे से लटकी मिली। यह देखकर परिजन बिलख उठे।
वह दो भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। खुदकुशी का कारण माता-पिता नहीं बता सके। मृतका गुड़िया देवी ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट मधुसूदनदास आदर्श इंटर कॉलेज जसपुरा से पास किया था। प्रहलाद डिग्री कॉलेज गौरीकला जसपुरा में बीए की छात्रा थी। इस बार फाइनल वर्ष की परीक्षा दी थी। रिजल्ट आना शेष है। पिता ने बताया कि तुलसीराम मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। थाना प्रभारी अनुपमा तिवारी हमराहियों के साथ मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने नमूने लिए हैं। थाना प्रभारी ने मामले को फिलहाल खुदकुशी करार दिया है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।