बांदा। महज दो बीघा जमीन के विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच कुल्हाड़ी व बरछी चल गई। मारपीट में एक पक्ष से एक बटाईदार व दूसरे पक्ष से पिता-पुत्र समेत परिवार के पांच सदस्य लहूलुहान हो गए।
कमासिन थाना क्षेत्र के अछरील गांव निवासी शिवकरन का अपने भाई शिवशरण से कई वर्षों पहले जमीन का बंटवारा हो चुका है। उनके बीच दो बीघा जमीन में विवाद चल रहा है। घायल शिवकरन (42) व उसके पुत्र ललित कुमार (16) ने बताया कि उसने रविवार को सुबह खेत में लगे नीम के पेड़ से दातून तोड़ लिया था। इससे जमीन के विवाद को लेकर कमलेश, चुनकाउना व शिवशरण आदि ने उन्हें लाठी व कुल्हाड़ियों से हमला कर घायल कर दिया।
शोर सुनकर ललित को बचाने उसकी मां केशा (40) व बहन शायस्ता (18), सविता (13) पहुंचीं तो हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया। उधर, दूसरे पक्ष से घायल कमलेश (42) ने बताया कि वह शिवशरण के खेत बटाई लिए हैं। खेत मालिक का उसके भाई से विवाद चलता है। जिसके चलते उसके भाई व भतीजे ने लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया है। पुलिस ने सभी घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया है।