नेशनल वाटर अवार्ड लेते बांदा के पूर्व डीएम हीरा लाल।
- फोटो : BANDA
बांदा। ‘रजत की बूंदे’ राष्ट्रीय जल पुरस्कार यहां के पूर्व डीएम और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अपर निदेशक हीरालाल को प्रदान किया गया है। सोमवार को लखनऊ में प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा ने कार्यालय कक्ष सभागार में उन्हें यह सम्मान सौंपा। स्मृति चिन्ह देकर शाल ओढ़ाई। इसके अलावा बांदा के जखनी गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता उमाशंकर पांडेय को भी पुरस्कृत और सम्मानित किया गया।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने बताया कि नीर फाउंडेशन द्वारा दिया जाने वाला यह पुरस्कार जल एवं पर्यावरण क्षेत्र में अहम योगदान करने वालों को हर वर्ष दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बांदा में डीएम रहते हुए हीरा लाल ने पारंपरिक जल स्रोतों के उन्नयन और जल संचय के प्रति लोगों को काफी जागरुकता पैदा करने के प्रयास किए।
पूर्व डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जल संरक्षण की दिशा में सराहनीय काम किए हैं। बुंदेलखंड में हर घर में नल जैसी योजना लागू की जा रही है। उधर, इस महत्वपूर्ण सम्मान से सम्मानित बांदा जिले के जखनी गांव निवासी उमाशंकर पांडेय के इस दिशा में किए गए प्रयासों और कार्यों को भी कृषि उत्पादन आयुक्त ने सराहा।