बांदा। ट्रैक्टर की टक्कर बाइक सवार आटो पार्ट्स व्यापारी की मौत हो गई। वह अकेला था और बाजार से दुकान का सामान लेकर घर लौट रहा था। घटनास्थल पर पुलिस को हेलमेट नहीं मिला।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के डाडिन पुरवा निवासी संदीप (20) पुत्र महेश प्रसाद गांव में गैरेज व आटो पार्ट्स की दुकान किए था। गुरुवार को शाम बदौसा सेे सामान लेकर बाइक पर वापस घर जा रहा था। तभी फाटा गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस की सूचना पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के भाई दिनेश कुमार ने बताया कि संदीप अविवाहित था। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग निकला।