बांदा। राजकीय मेडिकल कालेज में एक पखवारे में कोरोना टेस्टिंग लैब शुरू हो जाएगी। यह बात प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कही। उन्होंने गुरुवार को मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया और नई डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन किया। सफाई व्यवस्था बेहतर न होने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई। मंत्री ने कहा कि चित्रकूटधाम मंडल में कोरोना मरीज कम हैं। इसके लिए उन्होंने यहां के प्रशासनिक अफसरों, स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों व आम लोगों को सराहा।
स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा मंत्री प्रात: साढ़े 10 बजे हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पर आए। अफसरों और जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा नेताओं ने उनकी अगुवानी की। कुछ देर सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद वह मेडिकल कालेज पहुंचे। यहां करीब 28 मिनट निरीक्षण किया। निरीक्षण से पहले उन्हें ग्लब्स, हेड मॉस्क आदि पहनाए गए। मंत्री ने कोविड हेल्प डेस्क का मुआयना और डायलिसिस यूनिट का फीता काटकर उद्घाटन किया।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने मीडिया को बताया कि प्रदेश में मात्र 20,193 कोरोना संक्रमित अब तक पाए गए हैं। इनमें 13,119 ठीक हो चुके हैं। मेडिकल कालेज प्रशासन के कामों को सराहा। भरोसा दिलाया कि यहां स्टाफ व अन्य संसाधन शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे। एमसीआई मान्यता के लिए भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि मरीज और तीमारदारों से अच्छा व्यवहार करें। लापरवाही की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि चिकित्सा पाठ्यक्रम को एथिक्स से जोड़ा गया है। मंत्री ने कहा कि जल्द ही यहां मेडिकल कालेज में कोरोना जांच की सुविधा शुरू होगी। मंत्री ने मेडिकल कालेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती चार कोरोना मरीजों से बातचीत की। निरीक्षण के बाद मेडिकल कालेज में ही स्टाफ और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने उन्हें मंडल में कोरोना महामारी से बचाव के लिए किए जा रहे प्रयासों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक प्रकाश द्विवेदी, राजकरन कबीर, चंद्रपाल कुशवाहा, डीआईजी दीपक कुमार, डीएम अमित सिंह बंसल, एसपी डॉ. एसएस मीणा, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रभा गुप्ता, मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डा. मुकेश कुमार यादव, एडीएम संतोष बहादुर सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, बलराम सिंह कछवाह, जगराम सिंह चौहान, स्वदेश शिवहरे गौरव आदि ने मंत्री की अगुवानी की। हेलीपैड पर भी मौजूद रहे।
मेडिकल कालेज में फीता काटकर डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन करते चिकित्सा स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्र?- फोटो : BANDA