अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति पाने वाले बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र शुभम नामदेव और नमन शिवहरे
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ द्वारा दी जा रही ‘स्व.अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति’ से पढ़ाई कर रहे दो छात्रों ने इलाहाबाद बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। हाईस्कूल के छात्र ने जनपद के टॉप-10 में 7वां रैंक हासिल किया है। उसे 91.8 प्रतिशत अंक मिले हैं। इंटर के छात्र ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
यहां जीआईसी में हाईस्कूल के छात्र शुभम नामदेव ने पिछले वर्ष ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति’ परीक्षा दी थी। इसमेें वह सफल रहा। फरवरी माह में दिल्ली में आयोजित समारोह में यह छात्रवृत्ति पाने वाले देश भर के बच्चों को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने छात्रवृत्ति का चेक सौंपा था। इसी तरह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज मेें इंटर के छात्र नमन शिवहरे को पिछले वर्ष छात्रवृत्ति की दूसरी किश्त दी गई थी। नमन ने अबकी इंटर में 85 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
शुभम नामदेव का कहना है कि ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति’ से ही उसकी पढ़ाई चल रही है। वह साधारण घराने का है। छात्रवृत्ति का पैसा कोचिंग शुल्क मेें अदा करता है। अब वह 11वीं में दाखिला लेगा। वह आईआईटी करके इंजीनियर बनना चाहता है। उसने कहा कि छात्रवृत्ति उसकी पढ़ाई में बड़ी मददगार साबित हो रही है। उधर, नमन शिवहरे ने कहा कि अब इंटर के बाद वह बीटेक करेगा। कोचिंग और पढ़ाई संबंधी खर्च ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति’ से कर रहा है।