अदालत लाए गए महोखर गांव में यूपी-100 पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपी।
- फोटो : BANDA
बांदा। दुकानदार से मारपीट के आरोपियों की धर-पकड़ कर रही पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने सिपाही का सिर फोड़ कर गिरफ्त में लिए गए युवक को छुड़ा लिया। बाद में ज्यादा फोर्स के साथ की गई छापेमारी में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव की है। गांव के परचून दुकानदार भागवत गुप्ता के पास शनिवार देर रात पहुंचे कुछ युवक दुकान खोलकर सामान देने की जिद करने लगे। देर रात दुकान खोलने में असमर्थता जताने पर युवकों ने भागवत गुप्ता को पीटना शुरू कर दिया।
भागवत ने फोन पर पुलिस को सूचना दी तो कांस्टेबल संजय यादव और होमगार्ड मिथुन चक्रवर्ती कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुकानदार को पीटने वाले राकेश वर्मा पुत्र छोटा को पकड़ लिया। इस बीच कुछ दूर पर तेरहवीं संस्कार के बाद जारी कीर्तन में मौजूद राकेश के समर्थक वहां जुट गए। इन लोगों ने सिपाही व होमगार्ड को पीटते हुए राकेश को गिरफ्त से छुड़ा लिया। भीड़ के हमले से सिपाही का सिर फट गया, जबकि होमगार्ड ने भागकर खुद को बचाया।
पुलिस पर हमले की सूचना पर फोर्स के साथ सदर तहसीलदार अवधेश निगम, सीओ आलोक मिश्रा और देहात कोतवाली इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने मौके का रुख किया। सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने राकेश समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घायल सिपाही की ओर से 30 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इनमें 15 नामजद हैं। गिरफ्त में आए आठ लोगों को जेल भेज दिया गया। दुकानदार भागवत गुप्ता ने भी अपने साथ हुई मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।