संवाद न्यूज एजेंसी
नरैनी (बांदा)। पड़ोस में जुआ खेलने का विरोध करने पर सोमवार की रात दबंगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के घर में धावा बोलकर अध्यक्ष सहित पूरे परिवार को लाठी-डंडों से पीट दिया। अध्यक्ष और उनके परिजन घायल हो गए। उनका सीएचसी में इलाज कराया। अध्यक्ष की तहरीर पर पिता-पुत्र सहित सात लोगों के खिलाफ मारपीट व एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अध्यक्ष ओममणि वर्मा ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार की रात करीब 11 बजे परिवार के साथ वह घर में सो रही थीं। तभी अराजकतत्वों ने उनके दरवाजे पर डंडे मारना शुरू कर दिया। वह बाहर निकलीं तो मारपीट शुरू कर दी। वह बाहर निकलीं तो डंडों से हमला कर दिया। वह खुद और देवरानी ज्ञानभारती पत्नी सुनील कुमार, देवर परवेश, पवन व सुनील कुमार पुत्रगण बाबादीन घायल हो गए। अध्यक्ष की सूचना पर यूपी-112 और कोतवाली इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और घायलों को अतर्रा सीएचसी पहुंचाया। वहां इलाज और मेडिकल हुआ।
अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने बनवारी लाल पांडेय और उसके बेटे दिलीप कुमार पांडेय, अखिलेश कुमार, विद्या सागर तथा शिवम और नाती सितांशु पांडेय व अंकित द्विवेदी के विरुद्ध धारा 323, 504, 506 आईपीसी व एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सरोज ने बताया कि दिलीप कुमार पांडे और सितांशु पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। अध्यक्ष के देवर सुनील कुमार ने बताया कि मोहल्ले में काफी समय से जुआ खेला जा रहा है। विरोध करने के कारण आरोपी नाराज थे। इसी बात को लेकर हमला किया गया।
----------
स्कूल की बाउंड्री से गुस्साए दबंगों ने प्रधान को पीटा
निर्माण रोककर मजदूरों को खदेड़ा, पांच पर रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कमासिन। थाना क्षेत्र के खमरखा गांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय की ग्राम पंचायत द्वारा बनवाई जा रही बाउंड्री को लेकर दबंग ने मजदूरों को पीटकर भगा दिया। घर में घुसकर महिला प्रधान व उसकी पुत्री को पीटा। प्रधान ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
निर्माणाधीन बाउंड्री के पीछे कब्रिस्तान है। इसके लिए दो फिट जगह छोड़कर बाउंड्री बनवाई जा रही है। प्रधान के मुताबिक गांव का अजीत यादव बाउंड्री का विरोध कर रहा था। महिला प्रधान मीरा देवी ने इसकी शिकायत बीडीओ अमरनाथ पांडेय व थाने में की थी। बीडीओ ने कानूनगो, लेखपाल व पुलिस के साथ मौके पर जाकर जांच की थी। बाउंड्री को सीधी कराकर निर्माण कार्य की स्वीकृति दी थी। इसी के बाद बाउंड्री का निर्माण शुरू हुआ।
प्रधान के मुताबिक, इन सरकारी कर्मियों के जाते ही अजीत ने चार साथियों के साथ आया और मजदूरों को मारपीट कर भगा दिया और प्रधान के घर में भी पहुंचकर मारपीट की। प्रधान ने अजीत, अजय, रामबहादुर, चुन्नू व राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।